
Vishrampur Itko Road Widening: पलामू जिले के विश्रामपुर से इटको सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट में जमीन अधिग्रहण को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। नावाडीह कला, छिपादोहर खुर्द, छिपादोहर कला और विश्रामपुर के ग्रामीणों ने सोमवार को विश्रामपुर के CO को ज्ञापन सौंपकर नियमसंगत तरीके से अधिग्रहण करने की पुरजोर मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि रसूखदार लोगों की संपत्तियों को बचाने के लिए प्रशासन एकतरफा कार्रवाई कर रहा है और सिर्फ एक ही तरफ की जमीन ली जा रही है। ग्रामीणों ने याद दिलाया कि शुरुआत में हुई नापी के दौरान 30 फीट चौड़ी सड़क के लिए दोनों तरफ से 15-15 फीट जमीन लेने की बात तय हुई थी, लेकिन अब उस फॉर्मूले को दरकिनार किया जा रहा है।
सड़क से HC तक आंदोलन
ग्रामीणों के इस विरोध को बहुजन समाज पार्टी का भी खुला समर्थन मिल गया है। BSP के प्रदेश महासचिव अभिमन्यु सिंह बबलू ने जिला प्रशासन से नियमानुसार जमीन अधिग्रहण करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि चौड़ीकरण के नाम पर आम जनता के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ लफ्जों में कहा कि अगर अधिकारियों ने मनमाना रवैया बंद नहीं किया और स्थानीय लोगों को बेवजह परेशान किया गया, तो पार्टी ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़क से लेकर HC तक जोरदार आंदोलन खड़ा करेगी।

कॉलेज गेट बचाने का आरोप
इस पूरे विवाद में नया मोड़ तब आया जब BSP के मीडिया प्रभारी राहुल कुमार दुबे ने बेहद गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रामचंद्र चंद्रवंशी के निजी कॉलेज का गेट टूटने से बचाने के लिए प्रशासन जानबूझकर सड़क का सेंटर पॉइंट दूसरी तरफ शिफ्ट कर रहा है। उन्होंने कहा कि एक निजी कॉलेज के गेट को बचाने के लिए नावाडीह स्थित ऐतिहासिक देवी धाम को नुकसान पहुंचाना हिंदू धर्म की आस्था पर सीधा हमला है। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी कि नावाडीह देवी धाम हजारों लोगों की आस्था का बड़ा केंद्र है, अगर इसे रत्ती भर भी क्षति पहुंचाई गई तो विश्रामपुर बंद कराकर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।


