
Sarala Birla Public School: रांची के सरला बिरला पब्लिक यानी SBP स्कूल के विद्यार्थियों ने गुजरात और मुंबई की एक खास शैक्षणिक यात्रा के दौरान देश की ऐतिहासिक धरोहरों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक जीवनशैली को करीब से देखा। स्कूल की ओर से सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस एजुकेशनल ट्रिप का मुख्य उद्देश्य छात्रों को सिर्फ किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर असल जिंदगी के अनुभवों से रूबरू कराना और उनके ओवरऑल पर्सनालिटी डेवलपमेंट को नया आयाम देना था। इस टूर से लौटे छात्रों में देश के इतिहास और आधुनिक विकास को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।
साबरमती और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी
गुजरात प्रवास के दौरान विद्यार्थियों ने श्री मां वैष्णोदेवी मंदिर, स्वामीनारायण अक्षरधाम और साबरमती आश्रम का दौरा किया। साबरमती आश्रम में छात्रों ने महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों के साथ आजादी के आंदोलन में उनके ऐतिहासिक योगदान को गहराई से समझा। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर सरदार वल्लभभाई पटेल के दूरदर्शी नेतृत्व और देश को एक सूत्र में पिरोने के उनके संकल्प से जुड़ी अहम जानकारियां हासिल कीं।

प्राचार्या ने बढ़ाया हौसला
इस एक्सपोजर विजिट के महत्व पर बात करते हुए विद्यालय की प्राचार्या मनीषा शर्मा ने कहा कि ऐसे एजुकेशनल टूर्स विद्यार्थियों को इतिहास, संस्कृति और सामाजिक परिवेश का प्रत्यक्ष अनुभव कराते हैं। उन्होंने कहा कि क्लासरूम की सीमाओं से बाहर निकलकर प्रैक्टिकल तौर पर सीखी गई चीजें बच्चों के मन-मस्तिष्क पर गहरा असर छोड़ती हैं। यह पूरा दौरा छात्रों के लिए ज्ञान, स्वस्थ मनोरंजन और आत्मविश्वास को निखारने का एक बेहद यादगार और सकारात्मक अनुभव साबित हुआ।


