
Giridih: गिरिडीह शहर के जाने-माने मर्सी हॉस्पिटल में मंगलवार को एक महिला मरीज की मौत के बाद जमकर बवाल हो गया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह की रहने वाली 46 वर्षीय मंजू देवी की इलाज के दौरान जान चली गई। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए भारी हंगामा शुरू कर दिया।


पथरी के ऑपरेशन के लिए कराया गया था भर्ती
जानकारी के मुताबिक, सिहोडीह निवासी इंद्रदेव रजक ने अपनी पत्नी मंजू देवी को गॉल ब्लाडर (पित्त की थैली) में पथरी की शिकायत के बाद करीब चार दिन पहले मर्सी हॉस्पिटल में एडमिट कराया था। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों ने पहले उनका एक ऑपरेशन किया, जो ठीक रहा। लेकिन इसके कुछ समय बाद ही महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।

रेफर करने की मांग के बीच हुआ दूसरा ऑपरेशन
परिजनों का गंभीर आरोप है कि जब मंजू की हालत लगातार खराब होने लगी, तो उन्होंने डॉक्टरों से मरीज को किसी बड़े अस्पताल रेफर करने की गुहार लगाई थी। लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें रेफर करने के बजाय आनन-फानन में दूसरा ऑपरेशन कर दिया। दूसरे ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति सुधरने के बजाय और ज्यादा नाजुक हो गई और आखिरकार मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया।
अस्पताल में भारी हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और उनका गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में जमकर नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराने की काफी कोशिश की, लेकिन लोग डॉक्टरों पर लापरवाही का केस दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है और स्थिति को नियंत्रण में बनाए रखने का प्रयास कर रही है।


