
Lucknow: लखनऊ के चर्चित मामले में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के पूर्व एमडी पैथोलॉजी छात्र डॉ. रमीज उर्फ रमीजुद्दीन की हैरान करने वाली करतूतें पुलिस पूछताछ में सामने आई हैं। जांच के अनुसार, आरोपी लड़कियों को प्रभावित करने के लिए मुर्गे के खून से प्रेम पत्र लिखता था और युवतियों को यह भरोसा दिलाता था कि यह पत्र उसने अपने खून से लिखा है। पीड़िता ने आरोपी डॉक्टर और उसके परिवार पर यौन शोषण, जबरन धर्म परिवर्तन, मारपीट और निजी वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं।
2012 से शोषण का सिलसिला, नशीला पेय देकर जबरदस्ती का आरोप
पीड़िता के बयान के मुताबिक, दोनों की मुलाकात मेडिकल की पढ़ाई के दौरान हुई थी। पहली बार वर्ष 2011 में दिवाली पर रमीज ने उसे फोन किया, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। पीड़िता का आरोप है कि दिसंबर 2012 में रमीज ने उसे आगरा के साबुन कटरा स्थित फ्लैट पर डांस प्रैक्टिस के बहाने बुलाया और नशीला पेय पिलाकर उसके साथ जबरदस्ती की। बाद में शादी का झांसा देकर उसने लगातार शारीरिक संबंध बनाए और धोखे से निजी तस्वीरें तथा वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। पीड़िता का दावा है कि वर्ष 2014 में दिल्ली एम्स के कॉलेज फेस्टिवल के दौरान भी उसे नशीला पदार्थ देकर उसका यौन शोषण किया गया।

गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात और रिश्ते तुड़वाने की साजिश
पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2016 में जब वह गर्भवती हुई, तो रमीज ने शादी से मुकरते हुए उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया। आगरा के एक क्लीनिक से दवाइयां दिलवाकर जबरन गर्भपात कराया गया। बाद के वर्षों में जब पीड़िता ने दूरी बनाई और उसके पिता ने उसके लिए रिश्ते तलाशने शुरू किए, तो आरोपी ने शादी तय होने वाले लड़कों को पीड़िता की निजी तस्वीरें और वीडियो भेज दिए। पीड़िता का आरोप है कि इस ब्लैकमेलिंग के कारण उसके पांच से सात रिश्ते टूट गए। पुलिस पूछताछ में भी यह बात सामने आई है कि आरोपी युवतियों के वीडियो सुरक्षित रखकर उनके रिश्ते तुड़वाने के लिए इस्तेमाल करता था।
लखनऊ में बंधक जैसी जिंदगी और धर्म परिवर्तन का दबाव
वर्ष 2023 में पीड़िता आरोपी के कहने पर लखनऊ आ गई, जहां दोनों एक साथ रहने लगे। पीड़िता का आरोप है कि यहां भी लगातार शोषण जारी रहा और आरोपी के परिजन उससे घर के कामकाज और साफ-सफाई करवाते थे। विरोध करने पर मारपीट की जाती थी। पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2024 और 2025 में उस पर लगातार मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव डाला गया और बदनामी का डर दिखाकर जबरन निकाह की पटकथा रची गई।
कमरे में काजी बुलाकर जबरन निकाह कराने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि एक कमरे में काजी को बुलाकर उसे और उसके पिता को बंद कर दिया गया। वहां उससे जबरन तीन बार ‘कबूल है’ कहलवाया गया और पहले से तैयार निकाहनामे पर दस्तखत करवाए गए। वीडियो बनाने की कोशिश पर उसके पिता का मोबाइल छीन लिया गया। निकाह के बाद उस पर बुर्का पहनने, मांसाहारी भोजन करने और नौकरी की पूरी तनख्वाह परिवार को सौंपने का दबाव बनाया जाने लगा। फिलहाल पुलिस पीड़िता के बयानों और दर्ज साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन तफ्तीश कर रही है।


