
Seraikela: जमशेदपुर से सटे आदित्यपुर में पारिवारिक संपत्ति के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। सोमवार की रात गायत्री शिक्षा निकेतन परिसर स्थित आवास पर बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई और जाने-माने चिकित्सक डॉ. ओपी आनंद को गोली मार दी। गोली डॉ. आनंद की पीठ में लगी है। उन्हें तुरंत गंभीर हालत में टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है। वारदात के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को उसके लाइसेंसी हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
जिम से लौटते ही अचानक चला दी गोली
घटना रात करीब 10 बजे की है, जब ‘111 सेव लाइफ नर्सिंग होम’ के संचालक डॉ. ओपी आनंद जिम से कसरत कर घर लौटे थे। उनके अंगरक्षक अमित कुमार के अनुसार, डॉक्टर के घर में दाखिल होते ही उनके बड़े भाई इंजीनियर सत्यप्रकाश सुधांशु हाथ में पिस्तौल लिए नीचे उतरे और सीधे फायरिंग कर दी। अंगरक्षक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बीच-बचाव किया, जिससे पहली गोली का निशाना चूक गया और दूसरी गोली जमीन पर लगी, लेकिन इसी दौरान एक गोली डॉक्टर की पीठ में जा धंसी। घटना के बाद आरोपी कमरे में जाकर छिप गया था।

2024 में विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं डॉ. ओपी आनंद
घायल डॉ. ओपी आनंद शहर के चर्चित चिकित्सक होने के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक रूप से भी सक्रिय रहे हैं। वह वर्ष 2024 के झारखंड विधानसभा चुनाव में जमशेदपुर पश्चिम सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर किस्मत आजमा चुके हैं। गोली चलाने वाला उनका बड़ा भाई सत्यप्रकाश सुधांशु पेशे से इंजीनियर है। डॉक्टर की बेटी आर्या आनंद ने पुलिस को बताया कि आरोपी के पास दो लाइसेंसी हथियार हैं और उन्होंने प्रशासन से मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
SDPO के नेतृत्व में पहुंची पुलिस, आरोपी गिरफ्तार
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। Seraikela के SDPO अनुभव भारद्वाज, आदित्यपुर और RIT थाने की पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके को घेरकर घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए। SDPO अनुभव भारद्वाज ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में घटना की मुख्य वजह पुराना संपत्ति विवाद सामने आई है। आरोपी सत्यप्रकाश सुधांशु को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्तौल भी जब्त कर ली गई है।


