
Giridih: राहुल गांधी और INDIA गठबंधन द्वारा लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों और बयानों का आक्रामक जवाब देने के लिए मंगलवार को गिरिडीह में BJP कार्यकर्ताओं का बड़ा हुजूम सड़कों पर उतर आया। BJP ने ‘अराजकता मिटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ के नारे के साथ शहर में विशाल पदयात्रा निकाली, जिससे देखते ही देखते शहर के तमाम मुख्य रास्तों पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया और गाड़ियों की रफ्तार थम गई। झंडा मैदान से शुरू हुए इस मार्च में महिलाओं से लेकर युवाओं तक का जबरदस्त जोश देखने को मिला। हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां थामे कार्यकर्ता ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ की धुन पर लगातार नारेबाजी कर रहे थे, वहीं वार्ड पार्षद संजीव कुमार गुड्डू की अगुवाई में कांग्रेस दफ्तर और जमीन माफिया को लेकर भी जमकर तीखे नारे गूंजे।


दिग्गज नेताओं की मौजूदगी
इस शक्ति प्रदर्शन में पार्टी के तमाम सीनियर लीडर्स ने एक साथ मोर्चा संभाला। पदयात्रा में मुख्य रूप से BJP प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व CM बाबूलाल मरांडी, पूर्व मंत्री अमर बाउरी, जमुआ MLA मंजू कुमारी, पूर्व MP रवींद्र राय और पूर्व MLA निर्भय शाहबादी सबसे आगे नजर आए। इसके अलावा दिनेश यादव, विनय सिंह, सुरेश साहू, विभाकर पांडेय, संदीप डांगीच, संजीत सिंह पप्पू, नवीन सिन्हा, शालिनी वैशाखीयार, विनीता कुमारी और बबली देवी साहू सहित हजारों की तादाद में समर्थक और कार्यकर्ता कदम से कदम मिलाकर झंडा मैदान से आगे बढ़े।

गांधी चौक पर सियासी हमला
प्रशासन की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह पदयात्रा शहर के अलग-अलग इलाकों से गुजरते हुए सीधे गांधी चौक पहुंची। गांधी चौक पर जनसभा को संबोधित करते हुए BJP नेताओं ने राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन पर सीधा सियासी वार किया। नेताओं ने दो-टूक कहा कि चुनावी हार की हताशा में विपक्ष बेबुनियाद आरोप और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है, जिसका जनता खुद जवाब देगी। नेताओं ने साफ किया कि लोकतंत्र को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा और विपक्ष के हर नैरेटिव को जमीनी स्तर पर मजबूती से काउंटर किया जाएगा।


