
Ranchi Crime News: रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र अंतर्गत नरकोपी के बोबरो गांव स्थित सिया टोली में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां मानसिक रूप से अस्वस्थ पिता देवनाथ उरांव ने अपने ही 17 साल के इकलौते बेटे नितेश उरांव की कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर जान ले ली। बताया जा रहा है कि देवनाथ की दिमागी हालत लंबे समय से ठीक नहीं थी और वह अक्सर घर से भागने की फिराक में रहता था, जिसके चलते बेटा नितेश किसी अनहोनी से बचाने के लिए उसे घर में ही बंद रखता था। सोमवार तड़के करीब 4 बजे जब नितेश गहरी नींद में सो रहा था, तभी विक्षिप्त पिता ने उसके सिर पर कुदाली से कई बार जानलेवा हमले कर दिए, जिससे मौके पर ही उसकी तड़पकर मौत हो गई।
वारदात के बाद बेखौफ
कमरे से आवाज सुनकर जब तक मां मौके पर भागी, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और नितेश बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ा मिला। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता बिना किसी डर के घर से बाहर निकला और खुद पड़ोसियों को जाकर बताया कि उसने अपने बेटे को मार डाला है। आरोपी की यह बात सुनकर आसपास के ग्रामीण सन्न रह गए और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक नितेश नरकोपी के मॉडर्न पब्लिक स्कूल में नौवीं कक्षा का एक होनहार छात्र था, जिसकी दर्दनाक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

आरोपी पिता हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही बेड़ो थाना प्रभारी शैलेन्द्र टुडू और ASI शिव कुमार पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बिना देर किए आरोपी पिता देवनाथ उरांव को अपनी कस्टडी में ले लिया और वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुदाली भी बरामद कर ली। पुलिस टीम ने पंचनामा तैयार कर छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए RIMS, Ranchi भेज दिया है और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।


