
Hazaribagh: हजारीबाग में सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह जमावड़ा लगाने और राहगीरों को परेशान करने वाले मनचलों के खिलाफ पुलिस ने बड़े पैमाने पर शिकंजा कसा है। SP के कड़े निर्देश पर जिलेभर में एक साथ स्पेशल सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिससे देर रात चौराहों और गलियों में अड्डेबाजी करने वालों में हड़कंप मच गया। असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए सभी DSP और पुलिस निरीक्षकों की अगुवाई में कुल 45 स्पेशल पुलिस टीमें बनाई गई थीं। इस मेगा ऑपरेशन में 191 पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने एक साथ अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चिन्हित 108 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।
47 मनचले हिरासत में
इस सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने प्रमुख चौराहों, पार्कों और संवेदनशील स्पॉट्स से 47 संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर संबंधित थानों पहुंचाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर जमघट लगाने वालों के होश उड़ गए। थाने लाने के बाद सभी से गहन पूछताछ की गई और उनके परिजनों को बुलाकर भविष्य में ऐसी हरकतों से दूर रहने की सख्त वॉर्निंग दी गई। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए सभी को PR Bond भरवाकर छोड़ा गया।

पुलिस की सख्त चेतावनी
हजारीबाग पुलिस ने दो टूक शब्दों में साफ कर दिया है कि आम नागरिकों, खासकर महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक जगहों पर बेवजह मजमा लगाने, हुड़दंग करने या लोगों के लिए परेशानी खड़ी करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर बनी रहेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर और कस्बों में शांति व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षित माहौल देने के लिए इस तरह का औचक क्रैकडाउन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


