
मोतिहारी जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ की नारकोटिक्स सेल, पटना और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सुगौली थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए चरस जैसे मादक पदार्थ के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद पदार्थ की अनुमानित कीमत 40 लाख रुपये से अधिक है।
मामले की जानकारी एसडीपीओ सदर-1 दिलीप कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। पुलिस ने आरोपितों के पास से दो मोबाइल फोन और तीन नेपाली सिम कार्ड भी बरामद किए हैं।

बंगरा ओवरब्रिज के पास हुई कार्रवाई
एसडीपीओ दिलीप कुमार के अनुसार, 2 नवंबर की रात करीब 8:40 बजे एसटीएफ नारकोटिक्स सेल को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति रक्सौल से ट्रेन के जरिए सुगौली रेलवे स्टेशन पहुंचने वाला है। सूचना में उसके पास अवैध मादक पदार्थ होने की आशंका जताई गई थी।
इसके बाद जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। सूचना का सत्यापन करने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1, सुगौली अंचल के पुलिस निरीक्षक मुन्ना कुमार, थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह और सशस्त्र बल की टीम ने बंगरा ओवरब्रिज के नीचे वाहन जांच और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान एक संदिग्ध ने टीम को देखकर भागने की कोशिश की। उसे पकड़कर तलाशी ली गई तो उसके झोले से चार पैकेट में रखा कुल 1.970 किलोग्राम चरस जैसा पदार्थ बरामद हुआ।
निशानदेही पर दो अन्य आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर मामले में कथित रूप से संलिप्त दो अन्य लोगों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि चरस की आपूर्ति करने वाले सिंडिकेट के मुख्य सरगना के बारे में भी जानकारी मिली है। मामले में आगे की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुड्डू साह (35), निवासी नायक टोला, थाना हरपुर, रक्सौल; रामबालक बैठा (55), निवासी लक्ष्मीपुर, थाना सिकटा, पश्चिम चंपारण, वर्तमान पता गंडक चौक, बीरगंज, नेपाल; और डोरा राय (55), निवासी मधुआही, थाना घोड़ासहन के रूप में हुई है।
संयुक्त टीम ने की छापेमारी
पुलिस के अनुसार, छापेमारी टीम में एसडीपीओ दिलीप कुमार, पुलिस निरीक्षक मुन्ना कुमार, सुगौली थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक कृष्ण मुरारी, जिला आसूचना इकाई के कर्मी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस ने इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अहम सफलता बताया है। बरामद पदार्थ की प्रकृति, तस्करी के नेटवर्क और कथित मुख्य सरगना की भूमिका को लेकर जांच की जा रही है।
(प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)


