
Palamu: पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र स्थित तोलरा भगुवा गांव से एक बेहद दर्दनाक और गंभीर मामला सामने आया है। शादी के महज आठ महीने बाद ही 22 वर्षीय नवविवाहिता ममता देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतका के मायके में चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है। मृतका के परिजनों ने पति विकास कुमार चौधरी और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने और जान से मारने का सीधा आरोप लगाया है।


एक लाख नकद और सोने की चेन के लिए प्रताड़ना का आरोप
मायके वालों के मुताबिक ममता की शादी करीब आठ महीने पहले विकास कुमार चौधरी के साथ धूमधाम से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद से ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज को लेकर ममता को परेशान करने लगे थे। परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष की तरफ से एक लाख रुपये नकद और सोने की चेन की लगातार मांग की जा रही थी। इस मांग के पूरा न होने पर विवाहिता के साथ आए दिन गाली-गलौज, मारपीट और गंभीर मानसिक प्रताड़ना की जाती थी।

चार माह की गर्भवती थी मृतका, मायके में पसरा मातम
परिजनों ने रोते-बिलखते बताया कि दहेज की खातिर ममता के साथ पहले भी कई बार बेरहमी से मारपीट की गई थी। लगातार शारीरिक और मानसिक अत्याचार के चलते उसकी हालत बिगड़ती चली गई। सबसे दुखद पहलू यह है कि ममता चार महीने की गर्भवती थी। गर्भ में पल रहे मासूम के साथ नवविवाहिता की इस तरह असमय मौत से पूरे मायके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मायके वालों ने लगाई न्याय और कड़ी सजा की गुहार
बेटी की असामयिक मौत की खबर मिलते ही मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा न जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो। फिलहाल पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसके बाद ही मौत की असली वजह और पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।


