
Ranchi: राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में सोमवार रात हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार अभिषेक पाठक उर्फ पप्पू पाठक (45 वर्ष) की जान चली गई। हादसा ब्रजपुर मोड़ के पास रात करीब आठ बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची रातू थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए RIMS भेज दिया है।
दोस्त से मिलने जा रहे थे मांडर
जानकारी के अनुसार, रातू चट्टी निवासी अभिषेक पाठक सोमवार रात अपनी बाइक से एक मित्र से मिलने मांडर जा रहे थे। इसी दौरान ब्रजपुर मोड़ के पास किसी वाहन ने उन्हें सीधे टक्कर मार दी। अभिषेक एक दवा कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (MR) के रूप में काम करते थे।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अभिषेक के पिता जयराम पाठक पूजा-पाठ का कार्य करते हैं। अभिषेक अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। इस हादसे की खबर मिलते ही रातू क्षेत्र में शोक फैल गया और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच करते हुए टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में जुटी है।


