
भगवान श्रीकृष्ण को लेकर कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथित टिप्पणी पर विवाद बढ़ता जा रहा है। पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने इस बयान पर आपत्ति जताते हुए मंगलवार को दिल्ली स्थित पार्लियामेंट थाने में शिकायत दी और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इसकी जानकारी सांसद के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी राजेश यादव ने दी।
सांसद बोले – भगवान श्रीकृष्ण का अपमान बर्दाश्त नहीं
पप्पू यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कथावाचक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा, “सत्ता संरक्षित इस कथावाचक के खिलाफ आज मैं मुकदमा दर्ज कराने जा रहा हूं। कृष्ण कन्हैया जी को अपमानित कर अब माफी मांगने की नौटंकी कर रहा है। इसे छोड़ेंगे नहीं, सजा दिलाकर ही मानेंगे।”

29 अक्टूबर को करैरा में टिप्पणी करने का आरोप
सांसद के प्रवक्ता राजेश यादव के अनुसार, 29 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के करैरा में आयोजित कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम की तुलना करते हुए कथित टिप्पणी की थी।
आरोप है कि उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की त्रिभंगी मुद्रा का उल्लेख करते हुए कहा था कि उनके आराध्य ठाकुर जी तीन जगह से टेढ़े नजर आते हैं, जबकि उनके भगवान सीधे खड़े होते हैं। कथित तौर पर उन्होंने यह भी कहा था कि उनके भगवान का नाम, चाल और स्वरूप सीधा है, जबकि दूसरे के भगवान का नाम और चाल टेढ़ी है।
वृंदावन और अयोध्या की तुलना का भी जिक्र
राजेश यादव के मुताबिक, अपने संबोधन में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वृंदावन और अयोध्या की तुलना करते हुए पर्वत उठाने, गाय चराने, धनुष उठाने और हनुमान जी द्वारा पर्वत उठाने का भी उल्लेख किया था।
इन कथित टिप्पणियों को भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपमानजनक बताते हुए पप्पू यादव ने पार्लियामेंट थाने में शिकायत दी है। सांसद ने मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


