
Giridih: गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बघा चौक पर एक मकान मालिक द्वारा किराएदार की दुकान को बिना पूर्व सूचना जेसीबी से ध्वस्त करने का मामला सामने आया है। पीड़ित किराएदार के अनुसार, दुकान खाली करने के लिए दोनों पक्षों के बीच 15 नवंबर तक की समय सीमा तय की गई थी, जिस पर मकान मालिक रंजीत ने भी सहमति दी थी। इसके बावजूद तय मियाद से पहले ही दुकानदार की गैरमौजूदगी में दुकान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।


नकदी व कागजात चोरी का आरोप
सूचना मिलने पर जब पीड़ित दुकानदार मौके पर पहुंचे, तो दुकान पूरी तरह जमींदोज पाई गई। पीड़ित का आरोप है कि दुकान के गल्ले में रखे हजारों रुपये नकद और कई आवश्यक दस्तावेज भी गायब हैं। घटना के बाद पीड़ित ने सरिया थाने में लिखित आवेदन देकर मकान मालिक के खिलाफ दुकान ध्वस्त करने और नकदी व कागजात चोरी करने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।


