
Rohtas News | Sasaram News: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के रोहतास आगमन पर सासाराम में भव्य स्वागत किया गया। सोमवार को शहर के विभिन्न इलाकों में जेडीयू कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ मंत्री का अभिनंदन किया। तकिया बाजार में समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा इलाका ‘निशांत कुमार जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा।
तकिया बाजार में समर्थकों ने किया भव्य स्वागत
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का काफिला सासाराम शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए तकिया बाजार पहुंचा। यहां बड़ी संख्या में जेडीयू कार्यकर्ता और समर्थक पहले से मौजूद थे। मंत्री के पहुंचते ही लोगों ने फूलों की वर्षा की और बड़ी-बड़ी फूलमालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया।

ढोल-नगाड़ों की थाप और समर्थकों के नारों के बीच मंत्री ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान शहर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
करगहर विधायक वशिष्ठ सिंह के नेतृत्व में हुआ स्वागत
स्वास्थ्य मंत्री के स्वागत कार्यक्रम का आयोजन करगहर विधायक वशिष्ठ सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान जेडीयू के वरिष्ठ नेता, विधायक, जिला अध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पटेल धर्मशाला से हुई। यहां स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
इसके बाद मंत्री का काफिला पोस्ट ऑफिस चौक, चौखंडी और कचहरी गेट होते हुए तकिया बाजार पहुंचा। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर समर्थकों ने उनका स्वागत किया और अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता: निशांत कुमार
भव्य स्वागत से अभिभूत स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने रोहतास की जनता, जेडीयू कार्यकर्ताओं और करगहर विधायक वशिष्ठ सिंह के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि रोहतास की जनता ने उन्हें जो प्यार और सम्मान दिया है, उसके लिए वह आभारी हैं। बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर, आधुनिक और सुलभ बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक जिले और प्रखंड तक बेहतर इलाज की सुविधा पहुंचे। इसके लिए लगातार काम किया जा रहा है।
स्वागत कार्यक्रम में दिखी जेडीयू की संगठनात्मक ताकत
सासाराम में स्वास्थ्य मंत्री के स्वागत के दौरान उमड़ी भीड़ ने जेडीयू कार्यकर्ताओं की सक्रियता को प्रदर्शित किया। तकिया बाजार में घंटों तक कार्यकर्ता और समर्थक मंत्री के स्वागत के लिए मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। यातायात पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया।
स्वास्थ्य मंत्री के स्वागत कार्यक्रम के जरिए सासाराम में जेडीयू की संगठनात्मक सक्रियता और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला।
रोहतास से विकास चंदन की रिपोर्ट।


