
Ramgarh: आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए रामगढ़ में आम लोगों को सुरक्षित और क्वालिटी फूड मुहैया कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। DC ऋतुराज के कड़े निर्देश पर फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने जिले भर में मिलावटखोरों के खिलाफ सघन औचक जांच अभियान शुरू किया है। इसी सिलसिले में फूड सेफ्टी ऑफिसर्स अदिति सिंह और डेरिक तिग्गा ने नया मोड़, कुजू स्थित कई होटलों और मिठाई दुकानों पर अचानक धावा बोल दिया। टीम ने होटल ठाकुर, होटल प्रकाश चंद्र, रामविलास होटल, जय श्री श्याम स्वीट्स और होटल गोविंद साव के किचन से लेकर काउंटर तक की गहन पड़ताल की।


मिठाई सैंपल जब्त और जुर्माना
निरीक्षण के दौरान टीम ने रसगुल्ला, गुलाब जामुन और कलाकंद जैसी पॉपुलर मिठाइयों के सैंपल कलेक्ट कर फूड सेफ्टी टेस्टिंग लैब भेज दिए हैं, ताकि इनकी शुद्धता और मानकों की पूरी जांच की जा सके। जांच के दौरान नियमों की अनदेखी करने वालों पर तुरंत ऑन-द-स्पॉट एक्शन भी लिया गया। बिना फूड सेफ्टी लाइसेंस के दुकान चलाने और मिठाइयों में हानिकारक रंगों का इस्तेमाल करने पर दो दुकानों पर एक-एक हजार रुपये का जुर्माना ठोका गया। इसके साथ ही अधिकारियों ने बोंगबार स्थित शिव रुद्र इंटरप्राइजेज में भी दबिश देकर जरूरी फूड सेफ्टी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की।

मिलावट पर सख्त चेतावनी
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई के तय स्टैंडर्ड मेंटेन करने के कड़े निर्देश दिए। अधिकारियों ने दो टूक हिदायत दी कि किसी भी हाल में एक्सपायर्ड सामान या प्रतिबंधित खाद्य और पेय पदार्थों का इस्तेमाल या बिक्री नहीं होनी चाहिए। विभाग ने साफ कर दिया है कि फेस्टिव सीजन के दौरान लोगों की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए इस तरह का सरप्राइज चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन मिलने पर और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।


