
Karwa Chauth trolling: TV इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस शफक नाज इन दिनों सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने करवा चौथ का व्रत रखा था और इस सेलिब्रेशन की खूबसूरत तस्वीरें अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर की थीं। तस्वीरों में शफक लाल साड़ी पहने, मांग में सिंदूर सजाए और हाथ में छलनी लिए नजर आ रही थीं। लेकिन उनकी इन तस्वीरों को देखकर इंटरनेट पर कुछ लोगों ने उन्हें निशाना बनाना शुरू कर दिया और उनके धर्म को लेकर तरह-तरह के भद्दे कमेंट्स और ट्रोलिंग शुरू कर दी।
‘क्या सिर्फ सिंदूर लगाने से धर्म बदल जाता है?’
कमेंट सेक्शन में गालियों और नफरत भरे मैसेज मिलने के बाद एक्ट्रेस का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर ट्रॉलर्स की क्लास लगा दी। शफक ने कहा कि उन्होंने फोटो इसलिए शेयर की थी क्योंकि वह उन्हें अच्छी लगी थी, लेकिन लोगों ने सिंदूर लगाने को धर्म बदलने से जोड़ दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उनके पति का नाम जीशान है और वह भी मुस्लिम हैं, लेकिन सिर्फ सिंदूर लगा लेने या कोई त्योहार मना लेने से वह मुसलमान रहना बंद नहीं कर देतीं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या उनका धर्म इतना हल्का है जो एक त्योहार मनाने से बदल जाएगा?

पति को घसीटने पर जताया गुस्सा, कहा- आगे भी मनाऊंगी सारे त्योहार
एक्ट्रेस ने इस बात पर सख्त नाराजगी जाहिर की कि उनके पति को भी बिना वजह इस विवाद में घसीटा गया। शफक ने कहा कि किसी की पर्सनल लाइफ पर सवाल उठाने का हक किसी को नहीं है। उन्होंने अपने करियर में कई पौराणिक (माइथोलॉजिकल) शोज में काम किया है और उन्हें शुरुआत से ही अलग-अलग संस्कृतियों से खास लगाव रहा है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में भी लोगों को एक-दूसरे के धर्म का सम्मान करना सिखाना पड़ रहा है, जो बेहद दुखद है। शफक नाज ने ट्रॉलर्स को दो टूक जवाब देते हुए साफ कर दिया है कि वह आने वाले समय में भी सभी धर्मों के त्योहारों को इसी तरह पूरे दिल से सेलिब्रेट करेंगी!


