
Hazaribagh: हजारीबाग में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए चोरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। सदर थाना क्षेत्र के कानि बाज़ार में देर रात चोरों ने एक बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर करीब 15 से 17 लाख रुपये के कीमती जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। यह आवास मयंक पांडेय का है, जो बरही SDO कार्यालय में कार्यरत हैं। काम के सिलसिले में उनका अधिकतर समय बरही में ही बीतता था, जिसके कारण हजारीबाग वाले इस मकान में उनका आना-जाना काफी कम रहता था। सूने घर की टोह लेकर चोरों ने रात के अंधेरे में पूरे इत्मीनान से इस वारदात को अंजाम दिया।


मेड ने देखा ताला
वारदात का खुलासा सुबह उस वक्त हुआ जब घर में काम करने वाली मेड रोज की तरह वहां पहुंची। मेन गेट और कमरों के ताले टूटे देख उसके होश उड़ गए, जिसके बाद उसने तुरंत मामले की जानकारी आसपास के लोगों और परिजनों को दी। घर के भीतर अलमारियां टूटी पड़ी थीं और लॉकर में रखे सोने-चांदी के गहने समेत कैश पूरी तरह गायब था। मकान मालिक के प्राथमिक आकलन के मुताबिक चोरी गए सामानों की कीमत लगभग 15 से 17 लाख रुपये बताई जा रही है, हालांकि पूरी लिस्ट तैयार होने के बाद नुकसान का यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है।

डॉग स्क्वॉड से जांच
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी जांच के लिए बुलाया गया। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल से उंगलियों के निशान और अन्य साइंटिफिक एविडेंस जुटाए हैं, वहीं डॉग स्क्वॉड की मदद से चोरों के भागने की दिशा का सुराग लगाया जा रहा है। पुलिस टीम अब कानि बाज़ार और आसपास के मुख्य रास्तों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान कर इस गिरोह को जल्द से जल्द बेनकाब किया जा सके।


