
Dahre Soharay Ranchi: वृहद झारखंड कला संस्कृति के तत्वावधान में आगामी 4 नवंबर को राजधानी रांची की सड़कों पर भव्य ‘डहरे सोहराय’ का शानदार नजारा देखने को मिलेगा। यह सांस्कृतिक पदयात्रा मोरहाबादी मैदान से शुरू होकर शहर के दिल अल्बर्ट एक्का चौक तक निकाली जाएगी। इस खास आयोजन में रांची जिले के सभी 14 प्रखंडों से कुड़मी समुदाय के लोग अपनी पारंपरिक वेशभूषा, वाद्य यंत्रों और पारंपरिक कृषि उपकरणों के साथ भारी संख्या में शामिल होंगे और अपनी समृद्ध विरासत का प्रदर्शन करेंगे।
प्रकृति के प्रति आभार
रांची प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संगठन की सदस्य बेबी महतो ने बताया कि झारखंड के कुड़मी बहुल इलाकों में सोहराय महापर्व बेहद उल्लास और धूमधाम से मनाया जाता है। यह पर्व मुख्य रूप से धान की खेती में साथ देने वाले पशुओं, प्रकृति और पुरखों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक जरिया है। आयोजन के दौरान ग्रामीण पारंपरिक पूजा सामग्री और मांदर-ढोल की थाप पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर शहरवासियों को ग्रामीण परिवेश के असल रंगों से रूबरू कराएंगे।

जड़ों से जुड़ने की पहल
संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि भागदौड़ भरी लाइफस्टाइल और आधुनिकता की होड़ में शहरी युवा अपनी समृद्ध लोक-संस्कृति और जड़ों से दूर होते जा रहे हैं। ‘डहरे सोहराय’ का मुख्य मकसद नई पीढ़ी और शहरी आबादी को कुड़मी समाज की समृद्ध परंपरा, भाषा और जीवनशैली से सीधे जोड़ना है। सड़कों पर निकलने वाला यह कारवां न सिर्फ लोक-कला को सेलिब्रेट करेगा, बल्कि शहर के लोगों को अपनी मिट्टी की खुशबू और ऐतिहासिक परंपराओं को करीब से समझने का एक बेहतरीन मौका देगा।


