
Ramgarh liquor raid: रामगढ़ DC ऋतुराज के निर्देश और सहायक आयुक्त उत्पाद के मार्गदर्शन में मंगलवार को रजरप्पा थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। उत्पाद बल की टीम ने बारलोंग, बुध बाजार, फणिकपुर और छोटकी लारी स्थित कुल चार ठिकानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान लगभग 40 लीटर अवैध चुलाई शराब और करीब 100 किलोग्राम फर्मेंटेड जावा महुआ जब्त किया गया।
आरोपियों की तलाश तेज
अवैध शराब के निर्माण और कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। जिला प्रशासन के अनुसार, चिन्हित आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जारी रहेगा अभियान
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।


