
Supaul News: बिहार के सुपौल जिले में इंडो-नेपाल बॉर्डर स्थित भीमनगर चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की जांच के दौरान तीन युवकों का हाई-वोल्टेज ड्रामा सामने आया है। ब्रेथ एनालाइजर जांच से बचने को लेकर युवकों और उत्पाद पुलिस के बीच बहस हुई। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार के मुताबिक, समझाने के बाद तीनों युवकों की जांच की गई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई है। विभाग की ओर से उनके खिलाफ विधिवत कार्रवाई की जा रही है।
नेपाल से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रहे थे तीनों युवक
जानकारी के मुताबिक, सुपौल जिले के भीमनगर चेकपोस्ट पर देर शाम उत्पाद विभाग की टीम वाहनों और लोगों की जांच कर रही थी। इसी दौरान नेपाल की ओर से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रहे तीन युवक उत्पाद विभाग की टीम के सामने पहुंचे।

बताया गया कि इंडो-नेपाल बॉर्डर क्षेत्र के शैलेशपुर बीओपी के रास्ते तीनों युवक रिक्शे पर आते दिखाई दिए। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर चेकपोस्ट पर तैनात उत्पाद विभाग के एएसआई धीरेन्द्र कुमार ने टीम के साथ उन्हें रोक लिया और जांच शुरू की।
ब्रेथ एनालाइजर जांच से किया इनकार, उत्पाद पुलिस से बहस
उत्पाद विभाग की टीम ने तीनों युवकों को ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच कराने के लिए कहा। हालांकि, युवकों ने मशीन में फूंक मारने से इनकार कर दिया।
इसके बाद उत्पाद पुलिस और युवकों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और चेकपोस्ट पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
बताया जा रहा है कि तीनों युवकों ने खुद को डॉक्टर बताते हुए पुलिसकर्मियों पर दबाव बनाने और उन्हें धमकाने का भी प्रयास किया। जांच कराने को लेकर करीब तीन घंटे तक हंगामा चलता रहा।
थानाध्यक्ष और उत्पाद इंस्पेक्टर भी पहुंचे मौके पर
घटना की सूचना मिलने के बाद भीमनगर थानाध्यक्ष और उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने युवकों को समझाने और ब्रेथ एनालाइजर जांच कराने की कोशिश की, लेकिन शुरुआत में वे इसके लिए तैयार नहीं हुए।
बाद में उत्पाद विभाग की टीम तीनों युवकों को अपने वाहन में बैठाकर सुपौल ले गई। मामले को लेकर विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जांच में शराब पीने की पुष्टि: उत्पाद अधीक्षक
इस मामले में उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि भीमनगर चेकपोस्ट पर देर शाम जांच के दौरान कुछ युवकों ने हंगामा किया था।
उन्होंने कहा कि समझाने-बुझाने के बाद युवकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराया गया, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई है। उत्पाद विभाग की ओर से तीनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
भीमनगर बॉर्डर चेकपोस्ट पर जांच के दौरान हुए हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवकों और उत्पाद विभाग की टीम के बीच बहस का मामला चर्चा में है।
इंडो-नेपाल बॉर्डर पर उत्पाद विभाग की जांच के दौरान हुए इस घटनाक्रम के बाद अब तीनों युवकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।


