
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कानून और अपराध को लेकर दिए गए बयान पर बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार शर्मा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कानून की भाषा में अपराध और समाज की नजर में गलत माने जाने वाले कार्यों के बीच अंतर को समझना जरूरी है। नीरज कुमार के मुताबिक, हर सामाजिक रूप से गलत गतिविधि कानून के तहत दंडनीय अपराध नहीं होती।
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि कानून को जानने वाले लोग समझते हैं कि अपराध या ऑफेंस उसी कार्य को कहा जाता है, जिसे कानून के तहत दंडनीय माना गया हो। उन्होंने कहा कि समाज में कई ऐसी चीजें होती हैं, जिन्हें लोग गलत मानते हैं, लेकिन जब तक वे कानून के तहत दंडनीय नहीं हैं, तब तक उन्हें अपराध की श्रेणी में नहीं रखा जा सकता।

‘जंगलराज के समय अपराधियों में कानून का भय नहीं था’
नीरज कुमार शर्मा ने बिहार में पहले और वर्तमान अपराध की स्थिति की तुलना करते हुए कहा कि जंगलराज के समय अपराधियों में कानून का भय नहीं था और अपराध चरम पर था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के दौरान लूट, डकैती, चोरी और हत्या समेत विभिन्न अपराधों में भारी गिरावट आई है। बीजेपी प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने अपराध और कानून के बीच अंतर को सही तरीके से स्पष्ट किया है।
विपक्ष को सकारात्मक भूमिका निभाने की नसीहत
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि अपराध के आंकड़ों और कानून की परिभाषा को समझने की जरूरत है। उन्होंने विपक्ष पर इस मुद्दे को बेवजह राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया। नीरज कुमार शर्मा ने विपक्ष से अपील की कि वह अपराध के मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय सरकार के साथ मिलकर विकसित बिहार बनाने में सकारात्मक भूमिका निभाए।


