
Giridih: गिरिडीह में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू पर BJP नेता कामेश्वर पासवान की टिप्पणी के बाद सियासी पारा पूरी तरह चढ़ गया है। JMM नेताओं द्वारा इस बयान के खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कड़ा विरोध दर्ज कराने के बाद चौतरफा घिरे कामेश्वर पासवान ने Naxatra News से बातचीत में अपना पक्ष रखा। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि वे दिवंगत मंत्री का व्यक्तिगत तौर पर सम्मान करते हैं और आज भी उन्हें अपनी श्रद्धांजलि देते हैं, लेकिन राजनीतिक और नीतिगत मुद्दों पर उन्होंने जो बात कही है वह गलत नहीं है। उनका कहना था कि जब युवाओं के हक और रोजगार का सवाल सामने आता है, तो वे किसी भी कीमत पर चुप नहीं बैठ सकते।
JPSC CGL पर आरोप
कामेश्वर पासवान ने दिवंगत मंत्री के कार्यकाल के दौरान JPSC CGL परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों का हवाला देते हुए सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में CGL का पेपर लीक हुआ और नौकरियों का बड़े पैमाने पर सौदा किया गया। उन्होंने आगे कहा कि अनिमा हांसदा ने भी इस पूरे प्रकरण को लेकर कई अहम बातें सामने रखी थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी JPSC CGL विवाद के दौरान झंडा मैदान में पार्टी का झंडा लगे डंडों से युवाओं पर लाठियां भांजी गई थीं और कई छात्रों को बेरहमी से पीटा गया था।

JMM को दी हिदायत
JMM नेताओं के बयानों पर पलटवार करते हुए कामेश्वर पासवान ने दो टूक चेतावनी दी कि BJP कोई छोटा-मोटा दल नहीं, बल्कि करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं का एक मजबूत संगठन है। उन्होंने JMM नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिदायत दी कि वे BJP नेताओं की औकात और हैसियत मापने की बयानबाजी से बाज आएं। Naxatra News से बातचीत में उन्होंने बार-बार साफ किया कि वे दिवंगत मंत्री के प्रति संवेदना रखते हैं, लेकिन जिस सिस्टम में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया, उस सच्चाई को उजागर करने से वे पीछे नहीं हटेंगे।


