
बिहार के जहानाबाद में कथित Sex Racket के संचालन की सूचना पर पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। एसपी कोटा किरण कुमार के निर्देश पर सदर डीएसपी अनिकेत दुबे के नेतृत्व में शहर के सात से अधिक होटलों में एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने अलग-अलग होटलों से कुल 25 लोगों को हिरासत में लिया है। सभी को नगर थाना लाकर पूछताछ की जा रही है।
मुरलीधर रेस्ट हाउस से शुरू हुई छापेमारी
पुलिस टीम ने सबसे पहले मुरलीधर रेस्ट हाउस में छापेमारी की, जहां से एक जोड़े को हिरासत में लिया गया। इसके बाद मातारा होटल में कार्रवाई की गई, जहां पुलिस को छह जोड़े मिले। वहीं, शांति होटल और राजा राम होटल से एक-एक जोड़े को हिरासत में लिया गया। प्लस इन होटल में भी पुलिस ने एक जोड़े को पकड़ा। इसके अलावा नीलकमल होटल सहित शहर के अन्य होटलों में भी जांच अभियान चलाया गया।

होटल संचालकों में मचा हड़कंप
छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने होटलों में ठहरे लोगों के पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों की जांच की। अचानक कई होटलों में एक साथ पुलिस की कार्रवाई से होटल संचालकों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इस अभियान में नगर थानाध्यक्ष आलोक कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल रहे।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई: सदर डीएसपी
कार्रवाई के बाद सदर डीएसपी अनिकेत दुबे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस को शहर के कुछ होटलों में संदिग्ध गतिविधियों और कथित Sex Racket के संचालन की गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नाबालिग से जुड़ा मामला मिलने पर होटल संचालकों पर भी होगी कार्रवाई
सदर डीएसपी ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान यदि किसी नाबालिग से संबंधित मामला सामने आता है तो संबंधित होटल संचालक के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि शहर में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए इस तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल पुलिस सभी हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


