
Ranchi: झारखंड स्टेट बार काउंसिल के बहुप्रतीक्षित पदाधिकारियों के चुनाव परिणाम बुधवार, 4 नवंबर को घोषित हो गए हैं। वरिष्ठ अधिवक्ता अभय कुमार चतुर्वेदी (एके चतुर्वेदी) ने कड़े मुकाबले में जीत हासिल कर काउंसिल के नए अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है। रांची के डोरंडा स्थित झारखंड स्टेट बार काउंसिल कार्यालय में पूरी चुनावी प्रक्रिया मुख्य चुनाव पदाधिकारी जस्टिस अंबुज नाथ की सीधी निगरानी में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई।
कुल 26 मतदाताओं ने किया अपने मताधिकार का इस्तेमाल
इस प्रतिष्ठित चुनाव में कुल 26 मतदाताओं ने अपने वोट डाले, जिनमें काउंसिल के 25 निर्वाचित सदस्य और राज्य के पदेन सदस्य के रूप में महाधिवक्ता शामिल रहे। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद मतों की गिनती शुरू की गई और कुछ ही घंटों में नए पदाधिकारियों के नामों का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया।

उपाध्यक्ष पद पर रिंकू भकत और BCI प्रतिनिधि बने प्रशांत सिंह
अध्यक्ष पद पर एके चतुर्वेदी के चुने जाने के साथ ही उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में रिंकू भकत ने बाजी मारी। वहीं, सबसे दिलचस्प मुकाबला Bar Council of India (BCI) के प्रतिनिधि सदस्य पद को लेकर देखने को मिला। इस त्रिकोणीय मुकाबले में वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत कुमार सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए BCI प्रतिनिधि का पद अपने नाम किया।
राज्यभर के अधिवक्ताओं में उत्साह की लहर
परिणामों की घोषणा होते ही डोरंडा स्थित बार काउंसिल भवन में वकीलों ने एक-दूसरे को बधाई दी और जश्न मनाया। नए पदाधिकारियों के चयन के साथ ही काउंसिल के नेतृत्व को लेकर लंबे समय से चल रहा इंतजार खत्म हो गया है। राज्यभर के विभिन्न जिला बार संघों और अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और BCI प्रतिनिधि को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि नई टीम वकीलों के कल्याण और न्यायिक व्यवस्था की बेहतरी के लिए मजबूती से काम करेगी।


