
Palamu: पलामू जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत कोशियारा पंचायत के तेनला गांव से प्रेम-प्रसंग का एक सुखद मामला सामने आया है। लंबे समय से एक-दूसरे से प्यार करने वाले युवक और युवती ने आखिरकार परिजनों और ग्रामीणों की सहमति से शादी रचा ली। लातेहार स्थित एक मंदिर में दोनों ने सात फेरे लेकर अपने नए जीवन की शुरुआत की।
प्रेमिका से मिलने पहुंचा था युवक, ग्रामीणों ने देखा
जानकारी के अनुसार, तेनला गांव निवासी पच्चु शर्मा के पुत्र गुड्डू शर्मा का लातेहार जिले के जिंगुर गांव निवासी काजल कुमारी के साथ काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था। इसी क्रम में युवक अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए उसके घर पहुंच गया। घर में दोनों को एक साथ देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने युवक को मौके पर ही रोक लिया और मामले की जानकारी उसके परिजनों को दी।

जीजा की मध्यस्थता से सुलझा मामला
संयोगवश जिस गांव में प्रेमिका का घर था, उसी गांव में युवक की बहन की भी ससुराल थी। घटना की जानकारी मिलते ही युवक के जीजा तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच बातचीत शुरू कराई। इसके बाद युवक और युवती के माता-पिता तथा अन्य परिजनों को बुलाया गया।
मंदिर में सात फेरे लेकर एक-दूजे के हुए प्रेमी जोड़े
दोनों एक ही जाति के थे और आपस में शादी करने के लिए पूरी तरह सहमत थे। दोनों परिवारों के अभिभावकों ने स्थिति को समझते हुए रिश्ते को अपनी मंजूरी दे दी। इसके बाद लातेहार स्थित मंदिर में परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में पूरे रीति-रिवाज के साथ दोनों का विवाह संपन्न कराया गया। दोनों परिवारों की रजामंदी और नवदंपति की खुशी के साथ इस प्रेम कहानी का सुखद अंत हुआ।


