
बिहार के मधुबनी जिले में पुलिस विभाग से जुड़ी एक गंभीर घटना सामने आई है। बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में एक सहायक अवर निरीक्षक (ASI) द्वारा अपनी सरकारी सर्विस पिस्टल से कथित तौर पर चार राउंड फायरिंग किए जाने से चार ग्रामीण गोली लगने से घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी पहुंचाया गया, जहां अशोक यादव (करीब 50 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य घायलों का इलाज जारी है।
घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर खोजपुर चौक के पास बाबूबरही-खुटौना मुख्य मार्ग जाम कर दिया और प्रदर्शन किया। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

महिला के घर में मौजूद था ASI, ग्रामीणों ने कमरे में किया बंद
मधुबनी पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब एक बजे की है। बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव स्थित पुलिस पिकेट में तैनात एक ASI गांव की एक महिला के घर में मौजूद था।
इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने उसे घर के अंदर पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया और घेर लिया। पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वहां से निकलने और भागने की कोशिश के दौरान ASI ने अपनी सरकारी सर्विस पिस्टल से चार राउंड फायरिंग की। इसमें चार लोग गोली लगने से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद बाबूबरही थानाध्यक्ष ने गश्ती वाहन की मदद से सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान अशोक यादव ने दम तोड़ दिया।
ASI निलंबित, गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए मधुबनी के वरीय पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया। अधिकारियों ने मृतक और घायलों के परिजनों से मुलाकात की। सदर अस्पताल पहुंचकर घायलों से भी घटना की जानकारी ली और बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों को निर्देश दिए।
मधुबनी पुलिस के अनुसार, संबंधित ASI को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस की ओर से विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ हत्या से संबंधित प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
छह मांगों को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, डीएम-एसएसपी ने दिया आश्वासन
घटना से नाराज ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने छह मांगें रखीं और आरोपी ASI की जल्द गिरफ्तारी के साथ उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग भी उठाई।
मौके पर पहुंचे डीएम आनंद शर्मा और एसएसपी योगेंद्र कुमार ने लोगों से बातचीत की। अधिकारियों ने दोषी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इस दौरान एक महिला ने डीएम के सामने भी अपनी बात रखी।
गांव में पुलिस बल तैनात, स्थिति पर प्रशासन की नजर
घटना के बाद खोजपुर चौक और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। पुलिस बल की तैनाती के बीच प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
मधुबनी पुलिस के मुताबिक, फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और विधि-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं है। पुलिस मामले की जांच और आरोपी ASI की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।
(स्नेहनन्द मिश्रा की रिपोर्ट)


