
Ranchi: झारखंड में मौसम तेजी से करवट ले रहा है और आने वाले दिनों में ठंड का असर गहराने के पूरे आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, दीपावली से ठीक पहले राज्यभर के न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है। रात के पारे में आने वाली इस कमी से सुबह और शाम के समय सिहरन बढ़ेगी। इसके साथ ही अगले कुछ दिनों तक सुबह के वक्त कई इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया गया है।
नौ नवंबर से संताल में बारिश के आसार
ठंड के बढ़ते असर के बीच राज्य में बादलों की आवाजाही भी देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार नौ नवंबर से झारखंड के कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इसका सबसे ज्यादा असर उत्तर-पूर्वी झारखंड यानी संताल परगना प्रमंडल के जिलों में देखने को मिलने की संभावना है। बारिश के इस नए दौर के बाद पूरे राज्य में ठंड का प्रकोप और तेजी से बढ़ सकता है।

रांची में न्यूनतम तापमान लुढ़का, सुबह छाया रहेगा कोहरा
मौसम केंद्र से मिले ताजा आंकड़ों के मुताबिक बुधवार को राजधानी रांची के न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे रात के वक्त गुलाबी ठंड का अहसास बढ़ गया है। हालांकि दिन के समय धूप खिली रहने से अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़त देखी गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में आसमान साफ रहने के बावजूद सुबह धुंध और कोहरा छाया रहेगा, जिससे वाहनों की रफ्तार पर भी असर पड़ सकता है।


