
Jamtara: जामताड़ा में पुलिस ने साइबर ठगी के एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से ₹8,13,000 नकद, 8 मोबाइल फोन और 6 सिम कार्ड बरामद किए हैं। ये आरोपी फर्जी क्रेडिट कार्ड सर्विस और PhonePe कैशबैक का झांसा देकर लोगों के बैंक खातों को निशाना बनाते थे। गुरुवार को साइबर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि इनका नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों में फैला हुआ था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बबलू अंसारी (बोरोवा गांव, नारायणपुर), पप्पू मंडल और प्रकाश कुमार मंडल (काशीटांड़ गांव, करमाटांड़) के रूप में हुई है।
छापेमारी की कार्रवाई
गुप्त सूचना के आधार पर साइबर DSP के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने इस अभियान को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने सबसे पहले बोरोवा गांव स्थित बबलू अंसारी के घर पर छापेमारी की, जहां से 4 मोबाइल फोन और ₹8.13 लाख नकद बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने काशीटांड़ आम बागान के समीप कार्रवाई करते हुए पप्पू मंडल और प्रकाश कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य संपर्कों की पड़ताल कर रही है।



