
Patna: बिहार के चर्चित YouTuber और नेता मनीष कश्यप अपनी निजी जिंदगी को लेकर एक बार फिर इंटरनेट पर छा गए हैं। इस बार चर्चा की वजह कोई सियासी बयान या तीखा वीडियो नहीं, बल्कि उनकी एक नई तस्वीर है। मनीष और अनुष्का दोनों ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर एक जैसी पोशाक में तस्वीरें साझा की हैं। तस्वीर में दोनों ब्लैक शर्ट, ब्लू जींस और एक जैसे जूतों में नजर आ रहे हैं।


रोमांटिक कैप्शन के साथ नाम के बीच लगाया दिल
तस्वीर के साथ दोनों की ओर से लिखे गए कैप्शन ने यूजर्स का ध्यान सबसे ज्यादा खींचा है। अनुष्का ने फोटो साझा करते हुए लिखा कि जिस खूबसूरत एहसास को ख्वाबों में देखा था, आज उस हमसफर के साथ नई कहानी दुनिया के सामने है। वहीं मनीष कश्यप ने लिखा कि हमसफर का साथ मिला है और अब जिंदगी का हर सफर खूबसूरत होगा। मनीष ने इसके साथ ही अनुष्का और अपने नाम के बीच दिल का इमोजी लगाकर पोस्ट किया, जिसके बाद से दोनों के रिश्ते को लेकर कयासबाजी का दौर शुरू हो गया है।

रियलिटी शो में किया था गर्लफ्रेंड का जिक्र
मनीष कश्यप की लव लाइफ को लेकर अटकलें पहले भी लगती रही हैं। इससे पहले एक रियलिटी शो के दौरान उन्होंने अपनी निजी जिंदगी पर खुलकर बात की थी और बताया था कि उनकी एक गर्लफ्रेंड है। उस दौरान उन्होंने अपनी साथी के नाम का खुलासा नहीं किया था। अब अनुष्का के साथ इस तस्वीर और दोनों के रोमांटिक अंदाज के बाद सोशल मीडिया यूजर्स इसे उसी पुराने बयान से जोड़कर देख रहे हैं।
छात्र राजनीति से जुड़ी रही हैं अनुष्का
तस्वीर सामने आने के बाद अनुष्का के बारे में भी लोग लगातार जानकारी जुटा रहे हैं। अनुष्का शर्मा मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर की निवासी हैं। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। उच्च शिक्षा के दौरान वे छात्र राजनीति में भी काफी सक्रिय रहीं और पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की तरफ से अध्यक्ष पद की प्रत्याशी भी रह चुकी हैं।
इंजीनियरिंग से यूट्यूबर और फिर सियासी गलियारों तक का सफर
पश्चिम चंपारण के रहने वाले मनीष कश्यप का असली नाम त्रिपुरारी कुमार तिवारी है। पुणे की सावित्रीबाई फुले यूनिवर्सिटी से सिविल इंजीनियरिंग करने के बाद उन्होंने नौकरी की जगह सोशल मीडिया का रुख किया और YouTube चैनल के जरिए अलग पहचान बनाई। इसके बाद वे राजनीति में उतरे। अप्रैल 2024 में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली थी, लेकिन बाद में वे प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी में शामिल हो गए। साल 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने चनपटिया सीट से चुनाव लड़ा, हालांकि उन्हें शिकस्त का सामना करना पड़ा। अब चुनाव की व्यस्तता के बाद उनकी निजी जिंदगी का यह नया मोड़ सुर्खियों में बना हुआ है।


