
Dhanbad: धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत मुन्ना पांडेय हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के दोस्त समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कतरास निवासी सोनू कुमार राय उर्फ बजरंगी और मिथुन गोप के रूप में की गई है। बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने प्रेसवार्ता में बताया कि घटनास्थल से मिले तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
रुपये लूटने की नीयत से बनाई योजना
एसडीपीओ के अनुसार, दोनों आरोपी मुन्ना पांडेय के परिचित थे और उनके साथ उठना-बैठना था। आरोपियों को जानकारी थी कि दुर्गा पूजा के दौरान मुन्ना ने करीब 15 से 20 हजार रुपये कमाए हैं। इसी रकम को हासिल करने के लिए उन्होंने पार्टी का बहाना बनाया। 28 अक्टूबर की रात दोनों आरोपी मुन्ना के घर पहुंचे और पार्टी की मांग की, जिसका खर्च भी मुन्ना ने ही उठाया था।

पहचान उजागर होने के डर से की हत्या
खाने-पीने के बाद जब मुन्ना सो गया, तब दोनों आरोपी घर में रखे रुपयों की तलाश करने लगे। इसी बीच एक बर्तन गिरने की आवाज से मुन्ना की नींद खुल गई। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने पहले टीवी के डिश केबल तार से मुन्ना का गला दबाकर उसे अचेत किया, फिर मिथुन गोप ने घर में रखे चाकू से उसका गला रेत दिया। इस उद्भेदन टीम में कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, एसआई दुर्गेश कुमार सिंह, मनोज कुमार, निर्भय कुमार, पवन तिर्की, सत्येंद्र यादव, एएसआई शैलेश कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


