
SKMU Dumka: राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने दुमका के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय (SKMU) के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उपाधि प्राप्त करने वाले छात्रों को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि डिग्री मिलना जीवन का अंतिम पड़ाव नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और नए अवसरों की तलाश करने की शुरुआत है। राज्यपाल ने सभी डिग्री धारकों और शोधार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में कम-से-कम एक ऐसे जरूरतमंद व्यक्ति या बच्चे को शिक्षा से जोड़ने का संकल्प लें, जो आर्थिक या सामाजिक कारणों से स्कूल जाने से वंचित रह गया हो। उन्होंने कहा कि दूसरों की पढ़ाई में सहयोग करना ही शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य है।
सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के दीक्षांत समारोह में सम्मिलित हुआ।
उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ।#LokBhavanJharkhand https://t.co/ce1rsp18fA
— Governor of Jharkhand (@jhar_governor) November 5, 2026
विवि प्रशासन को समयबद्धता और गुणवत्ता के निर्देश
कुलाधिपति ने विश्वविद्यालय प्रशासन को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि छात्रों का समय उनके भविष्य की सबसे मूल्यवान पूंजी है, इसलिए सभी प्रशासनिक व शैक्षणिक निर्णयों के केंद्र में छात्रहित होना चाहिए। उन्होंने विश्वविद्यालय में अकादमिक कैलेंडर का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, नियमित कक्षाएं संचालित करने और परीक्षाएं व उनके परिणाम तय समय-सीमा के भीतर जारी करने पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने संताल परगना की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, कृषि, पर्यावरण और ग्रामीण विकास जैसे स्थानीय विषयों पर शोध को प्राथमिकता देने की बात कही, ताकि उसका सीधा लाभ क्षेत्र के लोगों को मिल सके।

विकसित भारत@2047 और रोजगार सृजन पर बल
देश के विकास रोडमैप पर चर्चा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि ‘विकसित भारत@2047’ के लक्ष्य को हासिल करने में युवा शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने युवाओं से ‘वोकल फॉर लोकल’ के सिद्धांत को अपनाने और केवल नौकरी तलाशने के बजाय उद्यमशीलता अपनाकर रोजगार सृजक बनने का आग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने समारोह में उपस्थित सभी शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों और अतिथियों को आगामी दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ की शुभकामनाएं दीं।


