
बिहार के रोहतास जिले में गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया। शिवसागर प्रखंड के घोरघट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर रांची से दिल्ली जा रही एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। बस में आग लगते ही यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बस में आग लगते ही मची अफरातफरी
जानकारी के अनुसार, रांची से दिल्ली जा रही यात्री बस घोरघट के पास NH-19 से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक बस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया और बस को काफी नुकसान पहुंचा। आग लगने के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

पुलिस और अग्निशमन विभाग ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही शिवसागर थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया।
सभी यात्री सुरक्षित, जनहानि की सूचना नहीं
शिवसागर थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह के अनुसार, इस घटना में सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। यात्रियों के सामान भी सुरक्षित बताए गए हैं। फिलहाल बस में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद NH-19 पर कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा।
(विकाश चंदन की रिपोर्ट)


