
बिहार के मोतिहारी में NH-28A पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बंजरिया थाना क्षेत्र के सिंघिया सागर के पास नेपाल से रिफाइन तेल लेकर झारखंड जा रहे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक का अगला हिस्सा आग की लपटों में घिर गया। घटना के बाद हाईवे पर अफरातफरी मच गई।
चलती ट्रक में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
जानकारी के अनुसार, रिफाइन तेल से भरा ट्रक नेपाल के बीरगंज से झारखंड के धनबाद जा रहा था। इसी दौरान बंजरिया के सिंघिया सागर के पास अचानक ट्रक में आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। स्थिति को गंभीर देखते हुए चालक ने अपनी जान बचाने के लिए चलती ट्रक से छलांग लगा दी। इस दौरान चालक का हाथ झुलस गया। घायल चालक का स्थानीय स्तर पर इलाज कराया जा रहा है।

दो दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दो दमकल गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, आग की वजह से ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ा जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
आग लगने के कारणों का पता नहीं
NH-28A पर चलती ट्रक में अचानक आग लगने से कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भी मौके पर भीड़ जुट गई। फिलहाल ट्रक में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


