
बिहार में शुक्रवार को पटना और भोजपुर जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच दो अलग-अलग मुठभेड़ हुईं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चार कथित शूटरों को गोली लगी। इनमें से तीन की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई, जबकि एक घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पहली मुठभेड़ पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र में हुई, जहां तीन लोगों की मौत हुई। वहीं, दूसरी घटना भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धोबहां के पास हुई, जहां पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह हत्याकांड में शामिल आरोपी पवन यादव घायल हो गया।

पटना के मनेर में सुबह करीब 3 बजे मुठभेड़
पटना के मनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे पुलिस और तीन अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के अनुसार, अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग इलाकों में गश्त कर रही थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोग इलाके में मौजूद हैं और शेरपुर में किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम छापेमारी करने पहुंची। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से भी गोलियां चलाई गईं, जिसमें तीन लोग घायल हो गए।
अस्पताल ले जाने के दौरान तीनों की मौत
पुलिस के अनुसार, गोली लगने के बाद तीनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उनकी मौत हो गई। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस ने मौके से हथियार भी बरामद किए हैं।
मृतकों की पहचान जेपी यादव, सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा और बबलू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों का आपराधिक इतिहास रहा है।
करीब 20 मिनट तक चली मुठभेड़
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ करीब 20 मिनट तक चली। इस दौरान अपराधियों की ओर से 24 राउंड फायरिंग की गई, जबकि पुलिस ने जवाब में 18 राउंड गोलियां चलाईं।
मृतकों में जेपी यादव दानापुर के खरौजा रोड का रहने वाला था। सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा शाहपुर थाना क्षेत्र के गंगहरा का निवासी बताया गया है। वहीं, बबलू कुमार मनेर के सुअरमरवा गांव का रहने वाला था।
पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार हत्याकांड में था आरोप
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में मारे गए तीनों आरोपियों पर मनेर के ब्यापुर में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या में शामिल होने का आरोप था।
जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर को पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार अपने दालान में बैठे थे। उस समय उनके साथ प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार भी मौजूद थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने वहां पहुंचकर फायरिंग कर दी थी। गोली लगने से संजीत कुमार की मौत हो गई थी, जबकि पिंटू कुमार घायल हो गए थे।
पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड की साजिश में जेपी यादव की भूमिका सामने आई थी, जबकि बबलू कुमार पर शूटर होने का आरोप था। मामले में तीनों की भूमिका की जांच की जा रही थी।
भोजपुर में पूर्व कस्टम अधिकारी हत्याकांड का आरोपी घायल
दूसरी मुठभेड़ भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में धोबहां के पास हुई। पुलिस के अनुसार, पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह हत्याकांड में शामिल आरोपी पवन यादव को पुलिस टीम ने घेर लिया था।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए पवन यादव ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी। घायल पवन यादव को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पवन यादव नवादा थाना क्षेत्र की चंदवा हाउसिंग कॉलोनी का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार, रामकुमार सिंह की हत्या में बाइक सवार तीन शूटर शामिल थे और पवन यादव मुख्य शूटर था। आरोप है कि उसने ही रामकुमार सिंह पर सबसे पहले गोली चलाई थी।
फिलहाल पुलिस दोनों घटनाओं से जुड़े मामलों की जांच कर रही है। भोजपुर में हत्याकांड के अन्य आरोपियों और उनकी भूमिका का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।


