
बिहार के सारण जिले के पहलेजा घाट में बकाया रुपये को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय बढ़ गया, जब मौके पर पहुंची पुलिस के साथ एक युवक की हाथापाई हो गई। आरोप है कि युवक ने सब इंस्पेक्टर उमाशंकर राय का कॉलर पकड़ लिया और धक्का-मुक्की के दौरान उनकी वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। इसके बाद उसके समर्थन में बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर जुट गए।
दुकानदार से बकाया पैसे मांगने पहुंचा था युवक
युवक की पहचान सबलपुर उत्तरी पंचायत निवासी राजेश कुमार राय के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह राजेश एक दुकानदार से अपना बकाया पैसा मांगने पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी कि युवक उसे गोली मारने की धमकी दे रहा है। सूचना मिलने पर गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को लेकर पूछताछ करने लगी।
पुलिस से उलझा युवक, दारोगा की वर्दी फाड़ने का आरोप
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान राजेश कुमार राय पुलिस पदाधिकारी से उलझ गया। आरोप है कि उसने सब इंस्पेक्टर उमाशंकर राय का कॉलर पकड़ लिया और हाथापाई के दौरान उनकी वर्दी फाड़ दी। इसके बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
पुलिस कार्रवाई के विरोध में थाने के बाहर जुटे लोग
दूसरी ओर, स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि युवक के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। घटना के बाद युवक के समर्थन में लोग थाने के बाहर जुटने लगे। थाना अध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


