
Jamshedpur: जमशेदपुर के करंडीह-परसुडीह मेन रोड पर करंडीह रेलवे फाटक के पास जलजमाव की वजह से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। दीपावली और छठ महापर्व बिल्कुल नजदीक हैं, लेकिन यहां आसपास के फ्लैटों और घरों से निकलने वाला गंदा पानी सीधे मुख्य सड़क पर बह रहा है। पानी के लगातार जमाव से सड़क पर कीचड़ और बदबू फैल गई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को रोज भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


छठ पूजा का प्रमुख इलाका, गाड़ियां फंसने का डर
परसुडीह-करंडीह रेलवे फाटक के आसपास का इलाका छठ पूजा के नजरिए से काफी अहम माना जाता है। यहां बड़ी संख्या में लोग और श्रद्धालु जुटते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर पानी और कीचड़ होने की वजह से कई बार दोपहिया और चारपहिया वाहन फंस जाते हैं। त्योहारों के मौके पर यहां भारी भीड़ उमड़ेगी, ऐसे में अगर सड़क की हालत नहीं सुधरी तो स्थिति और ज्यादा खराब हो सकती है।

प्रशासन से तुरंत सफाई की मांग
सड़क की इस बदहाली से नाराज स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि त्योहारों से पहले सड़क की पूरी सफाई कराई जाए और गंदे पानी की निकासी का सही इंतजाम हो। स्थानीय लोगों ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर समय रहते ड्रेनेज दुरुस्त नहीं हुआ, तो छठ के दिनों में श्रद्धालुओं और आम जनता की परेशानी कई गुना बढ़ जाएगी।


