
Ramgarh: रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र स्थित दिगवार रेलवे ओवरब्रिज के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां रेलवे लाइन के किनारे बैठे 45 वर्षीय मनीष शर्मा ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई। मृतक की पहचान रबोध निवासी स्वर्गीय बिहारी ठाकुर के बेटे मनीष शर्मा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे मनीष अपने दो साथियों राहुल सिंह और छोटेलाल सिंह के साथ दिगवार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में काम के लिए जा रहे थे। रास्ते में एक साथी के शौच के लिए रुकने पर मनीष भी पास में रेलवे ट्रैक के किनारे जाकर बैठ गए थे, तभी वे अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय वार्ड पार्षद अरुण कुशवाहा ने तत्काल इसकी सूचना कुजू पुलिस को दी। खबर मिलते ही एएसआई वीरेंद्र भगत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया। उधर, जैसे ही हादसे की खबर मृतक के घर पहुंची, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस फिलहाल मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है।



