
Chatra: चतरा जिले के सिमरिया में जयरुखरी नदी से बरामद बुदल गंझू के शव के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। यह पूरा मामला अवैध संबंध के शक से जुड़ा निकला। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए कुठान गांव के रहने वाले आरोपी बालदेव गंझू उर्फ गरज गंझू को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
बहाने से नदी किनारे ले जाकर मारा
एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 30 अक्टूबर को जयरुखरी नदी से बुदल गंझू का शव बरामद हुआ था। SP अनिमेष नैथानी के निर्देश पर बनी स्पेशल टीम ने मोबाइल और टेक्निकल इनपुट के आधार पर रेड कर बालदेव गंझू को उसके घर से दबोच लिया। कड़ाई से पूछताछ में बालदेव ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसे शक था कि बुदल का उसकी पत्नी के साथ अफेयर चल रहा है। इसी रंजिश में वह बुदल को बहला-फुसलाकर नदी किनारे ले गया, जहां डंडे और पत्थरों से हमला कर उसकी जान ले ली और शव नदी में फेंक दिया।

मोबाइल जब्त, भेजा गया जेल
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने गांव में ही छिपकर रह रहा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके पास से एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया है। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पूरे इलाके में राहत है।


