
Giridih: शुक्रवार को धनतेरस के मौके पर गिरिडीह के बाजारों में जबर्दस्त रौनक देखने को मिली। सुबह और दोपहर के वक्त जहां मार्केट में सामान्य हलचल थी, वहीं शाम ढलते ही खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उम्मीद से कहीं बेहतर कारोबार होने से दुकानदारों और शोरूम संचालकों के चेहरे खिल उठे। शहर के मुख्य बाजारों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी और देर रात तक खरीदारी का सिलसिला चलता रहा।


ज्वैलरी, गाड़ियां और इलेक्ट्रॉनिक्स की बंपर सेल
मार्केट में सबसे ज्यादा भीड़ बाइक और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर देखने को मिली। ऑटोमोबाइल शोरूम्स में दोपहिया और चारपहिया गाड़ियों की डिलीवरी और नई बुकिंग्स को लेकर दिनभर गहमागहमी बनी रही। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप्स पर लोगों ने स्मार्ट टीवी, फ्रिज और एलईडी जैसे होम अप्लायंसेज दिल खोलकर खरीदे। जेवर दुकानों में भी महिलाओं और युवतियों की खासी भीड़ रही, जहां नेकलेस और अंगूठियों के अलावा भगवान गणेश-लक्ष्मी की छवि वाले चांदी के सिक्कों की सबसे ज्यादा खरीदारी हुई।

बर्तन, दीये और मूर्तियों में स्वदेशी का क्रेज
परंपरा के मुताबिक स्टील और पीतल के बर्तनों की दुकानों पर भी ग्राहकों का तांता लगा रहा। छोटे बर्तनों से लेकर डिनर सेट तक की जमकर बिक्री हुई। इसके साथ ही घर की सजावट के लिए झालर, लाइट्स, मिट्टी के दीये और गणेश-लक्ष्मी की सुंदर मूर्तियों की खूब डिमांड रही। इस बार बाजार में स्वदेशी और लोकल सामानों के प्रति लोगों का रुझान साफ तौर पर ज्यादा देखा गया। हर बजट के विकल्प मौजूद होने से लोगों ने बिना किसी झिझक के जमकर खरीदारी की।


