
Pakur: पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत मासधारी गांव में बुनियादी सुविधाओं के अभाव की तस्वीर सामने आई है। प्रखंड मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में पक्की सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। बीते 4 नवंबर को प्रसव पीड़ा शुरू होने के बाद ग्रामीणों को एक गर्भवती महिला को खटिया पर लिटाकर चार किलोमीटर दूर मुख्य सड़क तक पैदल ले जाना पड़ा। इसके बाद मुख्य सड़क से वाहन का प्रबंध कर महिला को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया।
मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए चार किलोमीटर का सफर
ग्राम प्रधान बैदा पहाड़िया ने बताया कि मासधारी गांव से मुख्य सड़क की दूरी लगभग चार किलोमीटर है। गांव तक पहुंचने के लिए सुगम सड़क मार्ग न होने की वजह से चारपहिया वाहन या एंबुलेंस का पहुंचना नामुमकिन हो जाता है। उन्होंने कहा कि यह परेशानी सिर्फ किसी एक परिवार की नहीं है, बल्कि पूरा गांव वर्षों से इस समस्या को झेल रहा है। सामान्य दिनों में आवागमन तो मुश्किल होता ही है, लेकिन किसी बीमारी, प्रसव या दुर्घटना जैसी आपात स्थितियों में मरीजों को खाट पर उठाकर ले जाने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचता।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, जिला प्रशासन ने लिया संज्ञान
ग्रामीणों द्वारा महिला को खटिया पर रखकर कीचड़ और पथरीले रास्तों से ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक हुआ, जिसके बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से मांग की है कि इलाके का सर्वे कराकर तत्काल सड़क निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को इस तरह की लाचारी का सामना न करना पड़े।
सिविल सर्जन को जांच के निर्देश, प्रशासन को सौंपेंगे रिपोर्ट
मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने इस पर संज्ञान लिया है। उपायुक्त के ओएसडी अमित कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया है कि वे मरीज को खाट पर ले जाने की परिस्थितियों और गांव में स्वास्थ्य व संपर्क से जुड़ी समस्याओं की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपें, जिसके आधार पर आगे की सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।


