
Khunti: खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने के बाद तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया शुक्रवार को सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और चिकित्सकों से उनके उपचार की विस्तृत जानकारी ली। विधायक ने डॉक्टरों को सभी घायलों का समुचित और बेहतर इलाज प्राथमिकता के आधार पर करने का निर्देश दिया।
आर्थिक सहायता और प्रशासनिक निर्देश
हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए विधायक ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और अंतिम संस्कार के लिए उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में तीन महिलाओं और चार बच्चों की मौत अत्यंत पीड़ादायक है। विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कानूनी व चिकित्सकीय प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपे जाएं, ताकि सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया जा सके। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।



