
Jamshedpur: जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील की सिक्योरिटी टीम ने कंपनी के केबल टनल क्षेत्र में कॉपर केबल चोरी करने की कोशिश को नाकाम करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा है। गुप्त सूचना के आधार पर सिक्योरिटी टीम ने केबल टनल क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की और दो संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 486 किलो कॉपर केबल बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.25 लाख रुपये बताई गई है। बरामद केबल एचएसएम सी-3 यार्ड से संबंधित है।
बिष्टुपुर पुलिस के हवाले
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान जुगसलाई स्थित गरीब नवाज कॉलोनी निवासी मोहम्मद अफजल और नौशाद अंसारी के रूप में हुई है। प्राथमिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सिक्योरिटी टीम ने दोनों आरोपियों को जब्त कॉपर केबल के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बिष्टुपुर थाना पुलिस को सौंप दिया है। कंपनी प्रबंधन ने परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत रखने तथा चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई है।



