
Jamshedpur: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह के जुड़वा भाई निर्भय सिंह का शुक्रवार को जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में निधन हो गया। वे लंबे समय से हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित थे। शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उन्हें तत्काल टीएमएच लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हृदयाघात की पुष्टि की। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें कैथ लैब में वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया, जहां इलाज के दौरान दोपहर करीब दो बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
सामाजिक व राजनीतिक क्षेत्र में शोक
साकची-काशीडीह निवासी निर्भय सिंह भाजपा संगठन से जुड़े रहने के साथ-साथ स्थानीय सामाजिक गतिविधियों में भी काफी सक्रिय रहते थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई है। लोगों ने उनके असमय निधन को परिवार और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।



