
Maiya Samman Yojana: धनतेरस और दीपावली से पहले झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की अक्टूबर महीने की राशि लाभुक महिलाओं के खातों में भेज दी है। रांची जिले की 3 लाख 94 हजार 7 महिलाओं को इस योजना का लाभ मिला है। प्रत्येक महिला के बैंक खाते में ₹2,500 की दर से कुल 98 करोड़ 50 लाख 17 हजार 500 रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। यह राशि आधार आधारित Direct Benefit Transfer (DBT) के माध्यम से भेजी गई है।
त्योहार के खर्च में मिलेगी मदद
त्योहार से ठीक पहले खाते में पैसे पहुंचने से महिलाओं को घर की जरूरतों और दीपावली की खरीदारी में मदद मिलेगी। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहयोग देना और उन्हें अपने खर्चों के लिए दूसरों पर निर्भरता कम करने में मदद करना है। जिला प्रशासन के मुताबिक, इस योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में सहयोग दिया जा रहा है।

उपायुक्त ने क्या कहा?
रांची के जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि त्योहार से पहले राशि का भुगतान सरकार की महिला हितैषी सोच और महिलाओं के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। जिला प्रशासन की कोशिश है कि योजना का लाभ सभी पात्र महिलाओं तक पारदर्शी और समय पर पहुंचे।
किस इलाके में कितनी महिलाओं को मिला लाभ?
रांची जिले में प्रखंड और शहरी क्षेत्र के हिसाब से लाभुक महिलाओं की संख्या अलग-अलग है। सबसे अधिक 31,502 लाभुक कांके प्रखंड में हैं, जबकि टाउन अर्बन क्षेत्र में 25,891 महिलाओं को राशि मिली है। मांडर में 22,933, सिल्ली में 21,282, बेड़ो में 20,562 और रातू में 20,290 महिलाओं के खाते में सम्मान राशि भेजी गई है।
अन्य क्षेत्रों में अनगड़ा की 16,705, अरगोड़ा शहरी क्षेत्र की 13,347, बड़गाईं शहरी क्षेत्र की 10,042, बुंडू की 8,556, बुंडू नगर पंचायत की 3,558, बुढ़मू की 17,765, चान्हो की 19,332, हेहल शहरी क्षेत्र की 16,308, इटकी की 10,135, कांके शहरी क्षेत्र की 1,280, खलारी की 9,597, लापुंग की 11,784, नगड़ी की 18,250, नगड़ी शहरी क्षेत्र की 8,216, नामकुम की 17,958, नामकुम शहरी क्षेत्र की 9,504, ओरमांझी की 17,840, राहे की 9,531, सोनाहातू की 13,088 और तमाड़ की 18,751 महिलाओं को योजना का लाभ मिला है।


