
Jamshedpur News: धनतेरस के मौके पर जमशेदपुर के बाजारों में जबर्दस्त रौनक देखने को मिली। साकची, बिस्टुपुर, कदमा और जुगसलाई समेत शहर के तमाम प्रमुख बाजारों में सुबह से ही खरीदारों का तांता लग गया। परंपरा के मुताबिक लोगों ने सोने-चांदी के जेवरात, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स, होम अप्लायंसेज और झाड़ू की जमकर खरीदारी की। नामी दुकानों और शोरूम्स के बाहर लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं।
सड़कों पर रेंगती दिखीं गाड़ियां, ट्रैफिक पुलिस मुस्तैद
बाजारों में अचानक खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ने से शहर के प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक जाम के हालात बन गए। गाड़ियों की लंबी कतारों के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति को संभालने के लिए कई प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा और जाम खुलवाने के लिए खासी मेहनत करनी पड़ी।

ज्वेलरी शोरूम्स में तांता, रोशनी से जगमगाया शहर
शुभ मुहूर्त में सोना-चांदी खरीदने की परंपरा के चलते शहर के बड़े ज्वेलरी शोरूम्स में दिनभर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। कई लोग दुकानों पर सीधे पहुंचकर तो कई ऑनलाइन बुकिंग के जरिए अपनी खरीदारी पूरी करते दिखे। रंग-बिरंगी लाइटों और सजावट से सजे बाजारों ने पूरे शहर को उत्सव के माहौल में रंग दिया। सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया।


