
Giridih News: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के हालिया बयान को लेकर गिरिडीह में सियासत गरमा गई है। बयान से नाराज भाजपा महानगर इकाई ने शुक्रवार देर शाम शहर के महात्मा गांधी चौक पर मंत्री इरफान अंसारी का पुतला दहन किया और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा महानगर नेता नवीन सिन्हा के नेतृत्व में हुए इस विरोध प्रदर्शन में पार्टी के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट होकर सड़क पर उतरे।
बयान को बताया गैर-जिम्मेदाराना और आपत्तिजनक


प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उनके सहयोगी नेता लगातार भड़काऊ बातें कर रहे हैं। नेताओं ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री का यह कहना कि ‘दिल्ली में 40 लाख युवा अराजकता फैलाने के लिए तैयार हैं और सिर्फ राहुल गांधी के इशारे का इंतजार है’, बेहद आपत्तिजनक और गैर-जिम्मेदाराना है। उन्होंने कहा कि देश में पड़ोसी देशों जैसी अशांति की बात करना यह दिखाता है कि विपक्ष को देश के लोकतंत्र और संविधान पर भरोसा नहीं रह गया है, जबकि देश लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
प्रदर्शन में कई प्रमुख चेहरे रहे शामिल

पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने दो टूक कहा कि सामाजिक सौहार्द और देश का माहौल बिगाड़ने वाले बयानों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से हरमिंदर सिंह बग्गा, प्रोफेसर विनीता कुमारी, दिनेश यादव, बिपिन सिंह, अजय पाठक, चुन्नूकांत और सुरेंद्र लाल समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


