
KCB College Bedo: जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा–2026 के दूसरे दिन करम चंद भगत महाविद्यालय, बेड़ो में जनजातीय एवं क्षेत्रीय अकादमी का उद्घाटन किया गया। यह पहल जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा, साहित्य, कला और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण व संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अकादमी का विधिवत शुभारंभ विनोबा भावे विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. डॉ. रविन्द्र भगत, डीएसपीएमयू रांची के मानवशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. अभय सागर मिंज और महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रसंजित मुखर्जी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा सहित झारखंड के अमर वीर सपूतों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
पिता के सपने को साकार होते देखना गर्व की बात: प्रो. रविन्द्र भगत


उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. रविन्द्र भगत ने कहा कि इस महाविद्यालय की स्थापना उनके पिता एवं अविभाजित बिहार में पूर्व शिक्षा मंत्री रहे स्वर्गीय करम चंद भगत ने की थी। आज उसी प्रांगण में जनजातीय एवं क्षेत्रीय अकादमी की स्थापना होते देखना उनके लिए अत्यंत गर्व और संतोष का क्षण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह अकादमी जनजातीय भाषाओं और पारंपरिक साहित्य के दस्तावेजीकरण में अग्रणी भूमिका निभाएगी और संस्थान को शैक्षणिक ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
भाषाई और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का मजबूत जरिया

विशिष्ट अतिथि डॉ. अभय सागर मिंज ने कहा कि केसीबी कॉलेज द्वारा उठाया गया यह कदम सराहनीय है। आधुनिक दौर में जनजातीय समाज की समृद्ध वाचिक परंपरा, बोलियों और रीति-रिवाजों को अकादमिक स्तर पर सहेजना जरूरी है, जिसमें यह अकादमी सेतु का काम करेगी। वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रसंजित मुखर्जी ने कहा कि आदिवासी समुदाय प्रकृति का वास्तविक संरक्षक है और पर्यावरण के साथ सह-अस्तित्व ही इस संस्कृति का मूल आधार है। उन्होंने सभी से अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान पर गर्व करने का आह्वान किया।
शहीदों के नाम जलाए गए दीप, शिक्षक और विद्यार्थी रहे मौजूद

समारोह के दौरान ‘एक दीपक शहीदों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने दीप प्रज्वलित कर राज्य के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. रितेश कुमार सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. नेहा टोप्पो द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस मौके पर डॉ. संतोष कुमार भगत, प्रो. अरविंद राणा बिलुंग, प्रो. अभिनीत तिर्की, डॉ. ब्रह्मानंद साहू, डॉ. स्मिता गुप्ता, डॉ. सुजाता बाला, डॉ. प्रमिला उरांव, डॉ. अल्पना मेहता, डॉ. बदीउज़्ज़माँ और डॉ. हर्षवर्धन सहित बड़ी संख्या में प्राध्यापक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


