
Bokaro: बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के ठीक सामने स्थित एक लिट्टी की दुकान में सो रहे पति-पत्नी पर अज्ञात हमलावर ने धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में दोनों बुरी तरह लहूलुहान हो गए। घायलों की पहचान अनिल गोस्वामी और उनकी पत्नी शांति देवी के रूप में हुई है। गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वारदात के बाद हमलावर पीड़ित अनिल गोस्वामी का मोबाइल फोन छीनकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से भाग निकला।


दरवाजा तोड़कर घुसा हमलावर, चीख-पुकार सुन पहुंचे लोग
पीड़ित की भतीजी सुनीता कुमारी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि रात के समय उनके चाचा और चाची दुकान के अंदर बने कमरे में गहरी नींद में सो रहे थे। तभी एक अज्ञात युवक दरवाजा तोड़कर अचानक अंदर घुस आया और बिना कुछ कहे दोनों पर चाकू से अंधाधुंध वार करने लगा। अचानक हुए इस हमले से कमरे में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जिस इलाके में पुलिस अधीक्षक कार्यालय समेत कई बड़े प्रशासनिक दफ्तर मौजूद हैं, वहां ऐसी दुस्साहसिक वारदात होना पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोलता है।
पुराने विवाद से जुड़े हो सकते हैं तार, जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार लक्खी पूजा के दौरान अनिल गोस्वामी के दामाद का किसी स्थानीय युवक के साथ विवाद और कहासुनी हुई थी। हालांकि शुक्रवार की रात हुए इस खूनी हमले के पीछे वही पुरानी रंजिश थी या कोई अन्य वजह, यह अभी पूरी तरह साफ नहीं हो सका है। पुलिस प्रशासनिक महकमे के इतने नजदीक हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने के बाद सिटी थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी है।


