
Bokaro: बोकारो जिले के नावाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बासीगढ़ा टोला में एक युवक पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। गांव के ही रहने वाले कारू नाम के युवक ने कुलदीप महतो पर फायरिंग कर दी। यह घटना उस वक्त हुई जब कुलदीप अपनी बाइक से पेट्रोल भराने के लिए नावाडीह पेट्रोल पंप जा रहे थे। इसी दौरान गांव के पास एक पुलिया के करीब खड़े कारू ने अचानक उन पर गोली चला दी। गोली कुलदीप की गर्दन के ठीक नीचे से छूते हुए निकल गई, जिससे वे घायल हो गए।
सदर अस्पताल में इलाज जारी, वजह साफ नहीं
वारदात के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने कुलदीप को इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गनीमत रही कि गोली सीधे नहीं लगी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बारे में कुलदीप ने बताया कि कारू अक्सर उनके घर आता-जाता था और हमेशा हथियार लेकर घूमता है। उन्होंने कारू पर आपराधिक मिजाज का होने का आरोप लगाया है। फिलहाल गोली चलाने की असली वजह सामने नहीं आ सकी है और पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।



