
Gumla: आदिवासी नेत्री निशा भगत की संदिग्ध मौत के बाद विभिन्न आदिवासी और सामाजिक संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार को गुमला में विरोध प्रदर्शन के साथ उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें भारी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान लोगों का आक्रोश साफ नजर आया। शहर के टावर चौक पर प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी की। हाथों में तख्तियां लिए लोग ‘निशा भगत अमर रहे’ के नारे लगाते हुए व्यवस्था और सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे थे।


शामिल हुए पूर्व सीएम मधु कोड़ा, सिस्टम पर उठाए सवाल
शनिवार दोपहर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा भी गुमला पहुंचे और अंतिम यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने निशा भगत को श्रद्धांजलि देने के बाद सीधे तौर पर राज्य सरकार और प्रशासनिक तंत्र पर लापरवाही का आरोप लगाया। मधु कोड़ा ने कहा कि निशा भगत लगातार जमीन दलालों, अवैध कब्जों और सिस्टम की गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज उठा रही थीं। उन्होंने अपनी जान का खतरा बताते हुए प्रशासन से सुरक्षा की गुहार भी लगाई थी, लेकिन सरकार और पुलिस ने उनकी एक न सुनी।

दोषियों पर एक्शन तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जमीन दलालों और संबंधित तत्वों द्वारा निशा भगत को लगातार मानसिक व सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसकी वजह से यह दुखद स्थिति बनी। उन्होंने दो टूक कहा कि इस मामले को दबाने नहीं दिया जाएगा। जब तक निशा भगत को न्याय नहीं मिल जाता और उनकी प्रताड़ना के जिम्मेदार सभी दोषियों को कड़ी सजा नहीं होती, तब तक यह आंदोलन पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।


